खेल

पुलिस एथलीट क्लस्टर चैंपियनशिप 21 से लखनऊ में

लखनऊ 19 मार्च : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 21 से 25 मार्च के बीच खेली जाने वाली 71वीं अखिल भारतीय पुलिस एथलीट क्लस्टर चैंपियनशिप में केंद्रीय पुलिस बल, राज्य पुलिस बल और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 33 टीमों के करीब 1368 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

करीब दस सालों बाद चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहे लखनऊ में यह प्रतियोगिता साईं स्टेडियम और किसान पथ में खेली जायेगी। चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य 2028 में होने वाले ओलंपिक में देश के प्रदर्शन को उच्च स्तर पर ले जाना है।

इससे पहले वर्ष 2013 में उत्तर प्रदेश पुलिस के निर्देशन में अखिल भारतीय पुलिस एथलेटिक्स क्लस्टर का आयोजन 35 वी वाहिनी पीएसी में संपन्न हुआ था। इस साल स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, सरोजनी नगर लखनऊ में खो-खो और एथलीट, किसान पथ पर साइकलिंग इवेंट्स होंगे। प्रतियोगिता का उदघाटन 21 मार्च को सुबह दस बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 35वीं वाहिनी पीएसी महानगर में करेंगे जबकि प्रतियोगिता का समापन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र एवं हॉकी खिलाड़ी, अशोक कुमार द्वारा कराया जाएगा।

इस क्लस्टर में एथलेटिक्स (21-25 मार्च), साइकिलिंग (22-24 मार्च) और खो-खो (22-24 मार्च) की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

Related Articles

Back to top button