featureबिहार

पूर्व विधायक शोभाकांत मंडल का निधन

भागलपुर,15 मई: बिहार में भागलपुर जिले के पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता शोभाकांत मंडल का सोमवार को निधन हो गया।
पूर्व विधायक शोभाकांत मंडल 84 वर्ष के थे और वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती शोभाकांत मंडल ने सोमवार के अहले सुबह अंतिम सांस ली। वह अपने पीछे दो पुत्र एवं दो पुत्री छोड़ गए हैं।
जयप्रकाश नारायण और र्कपूरी ठाकुर की लोकप्रियता से प्रभावित होकर शोभाकांत मंडल ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़ कर राजनीति में प्रवेश किया था। कई दलों में रहने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण करने के बाद वर्ष 2000 में पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा और विधायक बनकर लगातार दो बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
इस बीच शोभाकांत मंडल के पुत्र सुशांत कुमार ने बताया कि पटना से सड़क मार्ग से स्व मंडल के पार्थिव शरीर को जिले के पीरपैंती क्षेत्र में पैतृक गांव लाया जाएगा। जनता के दर्शन के बाद में सोमवार की संध्या उनका अंतिम संस्कार निकट के उत्तर वाहिनी गंगा तट स्थित बटेश्वर स्थान घाट पर किया जाएगा। इस बीच राज्य के कृषि मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री कुमार सर्वजीत, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री आलोक मेहता, पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं विधान पार्षद सैयद शाहनवाज हुसैन, पूर्व मंत्री श्याम रजक, कहलगांव क्षेत्र के विधायक पवन कुमार यादव, प्रदेश जनता दल यूनाईटेड (जदयू )के महामंत्री शुभानंद मुकेश सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने पूर्व विधायक शोभाकांत मंडल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Related Articles

Back to top button