अन्य राज्य

सफाईकर्मियों की हड़ताल 26 अक्टूबर तक बढ़ी

चंडीगढ़, 23 अक्टूबर : हरियाणा में पिछलेे पांच दिनों से चल रही सफाईकर्मियों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल 26 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है।

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री ने हड़ताल बढ़ाने का एलान किया है। उन्होंने नागरिकों से माफी मांगते हुए कहा कि संगठन ने हड़ताल अवधि आगे बढ़ाने का फैसला बड़े भारी एवं दुखी मन से किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार ने मजबूर किया है और जनता को हो रही परेशानियों के लिए सरकार का गैर जिम्मेदाराना रवैया जिम्मेदार है।

उन्होंने कहा कि सरकार की हठधर्मिता, हड़ताल को जबरन तोड़ने एवं कर्मचारियों की मांगों के प्रति घोर उपेक्षापूर्ण रवैए के खिलाफ सोमवार को दीपावली के पर्व पर हड़ताली कर्मचारी काले झंडों और उल्टी झाड़ू के साथ राज्य भर में प्रदर्शन करेंगे।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा और महासचिव सतीश सेठी ने कल होने वाले आक्रोश प्रदर्शनों का पुरजोर समर्थन किया और घोषणा कि की पालिका कर्मियों के साथ एकजुटता प्रकट करते हुए अन्य सभी विभागों के लाखों कर्मचारी भी काली दीवाली बनाएंगे और सोमवार को होने वाले प्रदशनों में शामिल होंगें।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि कई हजार ठेका कर्मियों को चार से पांच महीने से वेतन नहीं मिला है। वेतन न मिलने से परेशान फरीदाबाद में कार्यरत अग्निशमन ड्राइवर विजय कुमार ने हाथ की नस काटकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया है और अस्पताल में जिंदगी व मौत से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि तीस साल से काम करने वाले कर्मचारी आज भी कच्चे ही है। इसलिए ठेका समाप्त कर कच्चे कर्मियों को पक्का करने की मांग जायज है।

श्री शास्त्री और महासचिव मांगे राम तिगरा ने कहा कि हड़ताल को विफल करने के तमाम प्रयासों के बावजूद 57 नगर पालिकाओं, 22 नगर परिषदों और 11 नगर निगमों के विभिन्न पदों पर कार्यरत लगभग चालीस हजार अस्थायई एवं स्थाई कर्मचारी हड़ताल पर डटे हुए हैं। नेताओं ने शनिवार को मुख्य सचिव के हड़ताली कर्मचारियों के लिए 24 बातचीत के लिए दरवाजे खुले होने के बयान पर कहा कि संघ भी बातचीत करने को तैयार हैं। सरकार बातचीत का समय व स्थान निश्चित करके निमंत्रण पत्र भेजे और मांगों का समाधान कर हड़ताल को समाप्त करवाएं।

दिवाली के अवसर पर आग लगने की आपात स्थितियों में सरकार के रोेडवेज ड्राइवरों की सेवाओं के इस्तेमाल पर संघ नेताओं ने कहा कि रोड़वेज कर्मचारी भी कर्मचारियों के सांझे मोर्चे में शामिल हैं ओर रोड़वेज का कोई भी ड्राइवर अग्निशमन विभाग में ड्यूटी नहीं देगा। उन्होंने कहा कि अगर कहीं आगजनी होती है तो हड़ताल पर रहते हुए फायरमैन और ड्राइवर आग बुझाने के लिए तैयार रहेंगे।‌

Related Articles

Back to top button