उत्तर प्रदेश

कुशीनगर : नवरात्रि के मद्देनजर सक्रिय हुए एंटी रोमियो स्क्वॉड ने 62 मनचले दबोचे

कुशीनगर, 27 सितंबर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में महिलाओं व छात्राओं से छेड़छाड़ करने और उन पर फब्तियां कसने वाले मनचलों की धरपकड़ के लिये पुलिस के एंटी रोमियो स्क्वॉड ने नवरात्रि के मद्देनजर धरपकड़ अभियान चलाकर अब तक ‘62 रोमियो’ को पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार मनचलों के खिलाफ एंटी रोमियो स्क्वॉड ने 21 से 30 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया है। इसके तहत धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिससे नवरात्रि एवं अन्य त्योहारों पर पूजा स्थलों पर आने वाली महिलाओं को मनचले परेशान न कर सकें।

स्क्वॉड की महिला टीम ने 25 सितंबर तक स्कूल, कॉलेज, मॉल, पार्क और बाजार समेत 12018 स्थानों पर अभियान चलाया। इस दौरन 68889 लोगों से पूछताछ के आधार पर 62 मनचलों की गिरफ्तार की गई।

स्क्वाड ने पूछताछ के लिये पकड़े गये 117 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। समूचे गाेरखपुर मंडल में चलाये जा रहे इस अभियान में कुशीनगर जिला अव्वल है। कार्रवाई की तत्परता के मामले में दूसरे नंबर पर गोरखपुर और तीसरे स्थान पर महराजगंज है, जबकि चौथे नंबर पर देवरिया है। इस मामले में देवरिया पुलिस एक भी रोमियो को गिरफ्तार नहीं कर पाई।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने बताया कि मनचलों पर नकेल कसने के लिए बिना वर्दी में पुलिसकर्मी जगह जगह तैनात किए गए हैं। इनकी नजर मनचलों पर बनी रहती है। थोड़ी सी हरकत की नहीं कि पुलिस उन्हें दबोच लेती है। जायसवाल ने बताया कि कुछ युवक स्कूल, कॉलेज व ट्यूशन आने जाने के दौरान लड़कियों को तंग करते हैं। इनमें कुछ पैदल तो कुछ दोपहिया वाहनों से मंडराते हैं। ये लोग शाम को पार्क में भी पहुंच जाते हैं। मनचलों को सबक सिखाने के लिए पुलिस ने अभियान छेड़ रखा है।

उन्हाेंने बताया कि शारदीय नवरात्रि में मंदिरों के आसपास भी एटी रोमियो स्क्वॉड गश्त कर रही है। दुर्गा पंडालों में भी नजर रखी जा रही है। इस कार्रवाई से मनचलों में खौफ बना हुआ है। पुलिस टीम सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों को सबक सिखा रही है। इस अभियान के दौरान अब तक 68,869 मनचलों से पूछताछ कर 48 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है और 62 की गिरफ्तारी की गई है।

Related Articles

Back to top button